पृथ्वी अपनी विचित्रताओं के लिए प्रसिद्ध है और ये विचित्रताएँ ही उसकी समृद्धि है- धातु, रत्न, पाषाण ही नहीं, जल भण्डार और वृक्षजन्य वैभव भी उसके कौतुकी कोश से कम नहीं। वृक्ष से लेकर वनारण्य तक मानवीय समाज के लिए आश्रय, चिन्तन और अभिव्यक्ति के केन्द्र रहे हैं। सर्वोपयोगी सृजन और सुस्थिर स्थापनाओं के प्रेरक भी। वनाश्रय ने श्रम और आश्रम जैसी धारणाओं को पुष्ट किया तो जल ने प्रधान जीवनाधार होकर अपनी भूमिका को उपस्थित किया। ये ही स्तुतियों के मन्त्र और ऋचाओं से लेकर छन्द की उपज-निपज के क्षेत्र रहे तो जीवन और समाज के प्रति तात्त्विक विमर्श वनारण्यक की वीथियों में विभव को प्राप्त हुए। मानव ने इस मोहक सम्पदा का अपने हित में दोहन किया। वायुपुराणादि में वर्णित पृथु के आख्यान में वसुधा के वैभव के बार-बार दोहन में वनस्पति-दोहन की स्वीकारोक्ति यह प्रकट करती है कि कैसे मानव ने पार्थिव और उद्भिजादि सम्पदाओं को अपने लिए उपयोगी और हितकारी जानकर उसके प्रयोग पर विचार किया। इस रूप में किसी भी तरह से अभीष्ट प्राप्ति का उपाय, उसके विपर्यय होने की चिन्ता और तजन्य अनुभाव उसके चिन्तन के सूत्र बने और विमर्श के लिए आधार भी।
आयुर्वेद के चिन्तन आधारित प्राचीनतम ग्रन्थ सिद्ध करते हैं कि किसी भी व्याधि विषयक प्रश्न अथवा भेषज-गुत्थी को लेकर विद्वान् ऋषि-मुनियों के समूह जल और वनयुक्त जनपदों में एकत्र होते और बौद्धिक उपनिषद् के क्रम निर्णय-आरे की तरह चल पड़ते थे-
विघ्नभूता यदा रोगाः प्रादुर्भूतः शरीरिनाम्। तपो-पावसा-ध्यान-ब्रह्मचर्य-व्रता-युष।। तदा भूतेष्वनुक्रोशं लाय्य महर्षयः।
सम्मिलितः पुण्यकर्माणः पार्श्वे हिमवतः शुभे॥

